पिलखुवा। उपचार के दौरान महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। महिला के परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर पुलिस ने कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला रमपुरा निवासी महिला जयवंती (45) को पथरी के दर्द की शिकायत होने पर परिजनों ने गत सोमवार को पबला रोड स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने महिला के ब्लड प्रेशर, सुगर, अल्ट्रासाउंड समेत अन्य जांच कराकर गत मंगलवार दोपहर ऑपरेशन कर पथरी वाली पित की थैली को बाहर निकाल दिया। आरोप है कि शाम करीब चार बजे उल्टी की शिकायत होने पर चिकित्सकों ने इंजेक्शन लगा दिया।
बुधवार रात महिला ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार को मृतका के परिजन अन्य लोगों के साथ थाने पहुंचे और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। वहीं, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के उपनिदेशक अंकित बिझ का कहना है कि महिला बुधवार से आईसीयू वार्ड में भर्ती थी, उसकी नॉर्मल मौत हुई है। लापरवाही के आरोप निराधार है, पीएम रिपोर्ट में मौत के कारणों का सही पता चल जाएगा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि महिला का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा। नियमानुसार मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।