हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित एक अस्पताल में महिला का प्रसव वैक्यूम से कराया गया। इस कारण नवजात के सिर में गंभीर चोट आई है। यहां तक कि नवजात के दिमाग में रक्तस्राव हो गया।
मामले में शिकायत और बच्चे की हालत खराब होने पर चिकित्सक ने उसे पिलखुवा स्थित जीएस मेडिकल में भर्ती कराया है। मामले की शिकायत नवजात के पिता ने सीएमओ डॉ. सुनील कुमार त्यागी से की। सीएमओ ने जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। सोमवार को जांच के लिए टीम अस्पताल भी जाकर पूछताछ करेगी।
सीएमओ से हुई शिकायत में माेहल्ला सोटावाली निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी का गर्भवती होने के बाद से बुलंदशहर रोड स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा था। कुछ दिन पहले उसे प्रसव पीड़ा हुई तो पति ने अस्पताल में भर्ती करा दिया। शिकायत में आरोप है कि प्रसव कराने के दौरान चिकित्सक ने उसकी पत्नी का प्रसव वैक्यूम से किया। जिससे उसके नवजात बच्चे के सिर पर गंभीर चोट आई।
मामले में सीएमओ डॉ. सुनील कुमार त्यागी का कहना है कि शिकायत की जांच एसीएमओ डाॅ. वेदप्रकाश कर रहे हैं। प्रसव किसी अप्रशिक्षित ने तो नहीं किया इसकी भी जांच कराई जा रही है। यदि अप्रशिक्षित स्टाॅफ द्वारा वैक्यूम से प्रसव किया जाता है तो दिमाग में रक्तस्राव हो सकता है। जीएस मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों से भी जानकारी की जा रही है।
शिकायतकर्ता ने कुछ दस्तावेज भी सौंपे हैं, जिससे अभी तक की जांच में सामने आया है कि नवजात के दिमाग में ऑक्सीजन सही प्रकार से नहीं पहुंच पाई है। बच्चे के दिमाग का अल्ट्रासाउंड भी कराया जा रहा है।