गढ़मुक्तेश्वर। नवादा खुर्द में रहने वाली युवती ने मकान और संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में फैसला होने के बावजूद ताऊ व उसके परिजनों पर पिटबुल कुत्ते से जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव निवासी महावीर सिंह की बेटी आंचल ने बताया कि उसके पिता और ताऊ का संपत्ति और मकान के बटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। गांव के लोगों ने दोनों का समझौता करा दिया। लेकिन उसके बाद आरोपी पक्ष अपने पिटबुल कुत्ते को लेकर उनके घर में घुस आए। वहां आकर आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कुत्ते से गर्दन पर हमला करा दिया जिसके जबड़े से वह बाल-बाल बच गई। पीड़िता के द्वारा शोर मचाए जाने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई कराने की मांग की। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद