इंद्रगढ़ी में मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी करते पुलिसकर्मी। संवाद
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रगढ़ी में घर लौटे युवक राहुल ने पत्नी को उसके प्रेमी को संदिग्ध हालत में पकड़ लिया। हाथापाई के बाद पत्नी और उसके प्रेमी ने राहुल का गला रेत दिया। पत्नी प्रेमी के साथ अपने एक बच्चे को लेकर फरार हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
इंद्रगढ़ी निवासी राहुल मेरठ के एक होटल में वेटर का काम करता है। उसकी शादी कुछ साल पहले मुजफ्फरनगर के गांव शाहपुर निवासी निशा के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके दो बच्चे भी हैं। बड़ी बेटी किसी रिश्तेदारी में गई थी। जबकि छोटा बेटा घर पर ही मां के साथ मौजूद था। रविवार रात को राहुल की रात में ड्यूटी थी। लेकिन देर रात वापस घर लौट आया। काफी खटखटाने के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो वह छत के रास्ते से मकान में घुस गया। इस दौरान उसने पत्नी निशा को उसके प्रेमी के साथ कमरे में पकड़ लिया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
आरोप है कि पत्नी और उसके प्रेमी के अलावा यहां पहुंचे एक अन्य साथी ने राहुल की पिटाई करते हुए उसका गला रेतकर हत्या का प्रयास किया। लहूलुहान हालत में निशा बच्चे को लेकर इनके साथ फरार हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर सुबह पहुंची पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
देहात थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि मामले में राहुल के पिता ने पत्नी उसके अज्ञात प्रेमी व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।