हापुड़। जिले में धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर उतारने के लिए एक बार फिर अभियान चलाया गया। शासन के आदेश पर पुलिस, प्रशासन ने धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर शांतिपूर्वक तरीके से लाउडस्पीकर उतरवाकर शासन के निर्देशों का पालन करने के संबंध में लोगों को जागरूक किया।
शासन के निर्देश हैं कि सभी धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाए जाएं। पूर्व मेंं भी इस प्रकार के अभियान चलाए जा चुके हैं, ऐसे में कुछ धार्मिक स्थानों पर एक बार फिर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजने शुरू हो गए हैं। इसे देखते हुए एक बार फिर यह अभियान चलाया गया है। हापुड़ सर्किल में मंदिरों और मस्जिदों से अधिक आवाज के लाउडस्पीकर उतरवाए गए और कम डेसीबल के लाउडस्पीकर बजाने के निर्देश दिए गए। गढ़ सर्किल में नोटिस जारी कर खुद ही लाउडस्पीकर उतारने के लिए निर्देशित किया गया है।
एएसपी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में अभियान शुरू कर दिया गया है। शासन के निर्देश का पालन कराया जा रहा है। पूरे जिले से कितने लाउडस्पीकर उतारे गए इसकी जानकारी कराई जा रही है।