कार्तिक पूर्णिमा मेला मार्ग का निर्माण करते कामगार। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों के तहत मेला रोड के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई 30 फीट से बढ़ाकर 65 फीट की जाएगी। इससे मेले के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा होने के साथ ही जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्तिक पूर्णिमा मेले में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु गढ़ खादर के कच्चे घाट पर पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। सड़क चौड़ी होने से यातायात को सुचारु रखने में मदद मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मेला रोड का चौड़ीकरण कराया जा रहा है।
सड़क को 40 फीट से बढ़ाकर 65 फीट चौड़ा किया जाएगा और तारकोल की सड़क बनाई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। साथ ही सड़क पर बने गहरे गड्ढों से भी लोगों को निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेला 18 नवंबर से शुरू होकर 25 नवंबर तक चलेगा। मेले को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।