गांव बझैड़ा खुर्द में मंगलवार रात आग लगने से एक किसान की पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत से आग बुझाई।
पीड़ित किसान ने कोतवाली में गांव के एक युवक के खिलाफ आग लगाने की तहरीर दी है। गांव बझैड़ा खुर्द में ललित खेती करते हैं। मंगलवार की शाम ललित ने अपने खेत में गेहूं की फसल को इकठ्ठा कर रखा था। रात में खेत से आग की लपटें दिखाई दी तो वह खेत की तरफ दौड़ा।
खेत पर पहुंचकर देखा तो इकठ्ठा की गई गेहूं की फसल में आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। इस दौरान ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और आग बुझाने की कोशिश करते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना के कुछ देर बाद पहुंची फायर बिग्रेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत से आग बुझाई। किसान के अनुसार, आग लगने से करीब तीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने कोतवाली में एक युवक पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
उधर, गांव छिजारसी में बुधवार दोपहर आग लगने से सात बिटोरे जलकर राख हो गए। आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत फायर बिग्रेड की गाड़ी को बुलाकर आग को बुझवाया।
कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि आग लगने से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। पीड़ित ने एक युवक पर आग लगाने की आशंका जताई है। इसकी जांच की जा रही है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।