धौलाना। औद्योगिक क्षेत्र में चौकीदारों और मजदूरों को बंधक बनाकर लूटपाट की तीन वारदातों के बाद धौलाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है। पुलिस ने क्षेत्र के वेयर हाउस, गैस एजेंसी, गोदाम, फैक्ट्रियों के मालिकों, सुरक्षा गार्डों और हलका इंचार्ज को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर निगरानी बढ़ाई है।
यूपीएसआईडीसी के बाहरी हिस्से सहित देहरा, कंदौला, निधावली, बासतपुर और धौलाना में करीब 16 वेयर हाउस व गैस एजेंसियां संचालित हैं। हाल ही में धौलाना के बाहरी हिस्से में प्रेम गैस एजेंसी और बासतपुर रोड स्थित निर्माणाधीन वेयर हाउस में बदमाशों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। वहीं, निधावली नहर के पास निर्माणाधीन फैक्ट्री में करीब एक दर्जन मजदूरों को बंधक बनाकर हथियारों के बल पर लूट की गई थी।
लगातार हुई इन घटनाओं से औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की नई व्यवस्था के तहत प्रतिष्ठान संचालक और सुरक्षा गार्ड संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल साझा कर सकेंगे। सीओ पिलखुवा मुनीश चन्द्र ने बताया कि थाना स्तर पर यह पहल क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखने के उद्देश्य से की गई है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।