ग्वालियर से बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) के बीच रेलवे ने साप्ताहिक ट्रेन को शुरू किया है। यह ट्रेन वाया हापुड़ होते हुए लखनऊ बलरामपुर जाएगी। इस ट्रेन के चलने से हजारों यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने अपनी तैयारी शुरू कर ली है। रेलवे ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर के बीच साप्ताहिक ट्रेन (11111/12) चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन सप्ताह के बुधवार को ग्वालियर से दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर चलेगी।
यह ट्रेन शाम 06:55 पर हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। रात करीब 8:05 पर गाजियाबाद स्टेशन पहुंचेगी। करीब चालीस मिनट के बाद यह ट्रेन हापुड़ पहुंचेगी। अगले दिन बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा नौ बजे यह ट्रेन बलरामपुर पहुंचेगी। बलरामपुर से बृहस्पतिवार को दोपहर 11:55 पर यह ट्रेन ग्वालियर के लिए रवाना होगी।
रात 11 बजे यह ट्रेन हापुड़ पहुंचेगी। अगले दिन शुक्रवार को साढ़े छह बजे यह ट्रेन ग्वालियर पहुंचेगी। इस ट्रेन के चलने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें इस नई ट्रेन के चलने की कोई जानकारी नहीं है। साथ ही इस संबंध में फिलहाल कोई आदेश भी नहीं मिला है।