गढ़ रोड पर बारिश में सड़क पर जाते वाहन। संवाद
हापुड़। शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर न होने के कारण हल्की सी बारिश में ही सड़कों पर जलभराव हो रहा है। शुक्रवार की दोपहर को हुई करीब एक घंटे की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हुआ। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दोपहर करीब दो बजे बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे की बारिश के बाद शहर के गढ़ रोड, मीनाक्षी रोड, अतरपुरा चौपला, सिकंदर गेट, गढ़ गेट, फ्री गंज रोड, गोल मार्केट, रेलवे रोड सहित कई इलाकों में जलनिकासी बाधित हुई और सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अतरपुरा चौपला और गढ़ रोड पर फ्लाईओवर पार करने के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
दोपहर को हुई बारिश के कारण शाम तक बाजार में ग्राहक नदारद नजर आए। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा है। बारिश के बाद नालियों की गंदगी भी सड़कों पर फैल गई। हालांकि, शुक्रवार को बारिश थमने के बाद करीब पौन घंटे के अंदर सड़कों से पानी उतर गया।
वहीं, गोल मार्केट के व्यापारी कमल किशोर, मोनू ने शहर के मुख्य मार्गों के नालों की सफाई पर सवाल खड़े किए हैं। जलभराव की प्रमुख वजह नालों और पुलियाओं की पर्याप्त सफाई न होना ही है।
मामले में ईओ संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि सड़कों पर जलभराव की सूचना नहीं है। नालों की सफाई लगातार चल रही है। बारिश के तुरंत बाद पानी की निकासी हो रही है।