हापुड़। होली पर बिजली व पानी की बेहतर आपूर्ति को लेकर ऊर्जा निगम और नगर पालिका ने रणनीति तैयार की है। पालिका की ओर से 70 नलकूप व 10 ओवरहेड टैंक से मंगलवार सुबह से लेकर बुधवार की रात तक पानी की आपूर्ति की जाएगी। वहीं, 48 घंटे तक ऊर्जा निगम बिजली की आपूर्ति करेगा। इसे लेकर आदेश जारी किए गए हैं।
रंगों के त्योहार को लेकर नगर पालिका और ऊर्जा निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। दुल्हैंडी पर ही पालिका सुबह छह से शाम पांच बजे तक करीब 560 लाख लीटर पानी की आपूर्ति करेगी। इसके लिए जलकल विभाग के सहायक अभियंता और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
साथ ही पानी और बिजली आपूर्ति को लेकर टोल फ्री नंबर जारी करने के साथ ही कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि जलकल विभाग के सहायक अभियंता के नेतृत्व में लिपिकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।
पालिका के कंट्रोल रूम पर करें शिकायत : नगर पालिका से संबंधित पानी व अन्य समस्याओं को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पालिका ने 1533 टोल फ्री नंबर जारी किया है। यहां लोग पानी की आपूर्ति बाधित होने पर शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम में दो कर्मचारियों की ड्यूटी 24 घंटे रहेगी।
साथ ही सभी नलकूपों पर तीन शिफ्ट में कर्मचारी तैनात रहेंगे। नलकूपों पर जनसेट भी लगाए गए हैं। वहीं, ऊर्जा निगम से संबंधित समस्या के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।