हापुड़। पेयजल किल्लत से जूझ रहे नगर के चार मोहल्लों में नगर पालिका पाइप लाइन बिछाएगी। पुरानी और चौक हो चुकी पाइप लाइन को बदला जाएगा, इससे सैकड़ों परिवारों की पेयजल की समस्या दूर होगी। वहीं, खराब हो चुके लगभग 50 हैंडपंपों और जगह-जगह खराब पेयजल पाइप लाइन की मरम्मत भी कराई जाएगी।
पालिका निधि के अंतर्गत 8.23 लाख रुपये से मोहल्ला पीरबाउद्दीन, शिवचरनपुरा की विभिन्न गलियों में 360 मीटर 110 एमएम पीवीसी पेयजल पाइप लाइन को बिछाया जाएगा। साथ ही वार्ड नंबर 38 की आवास विकास कालोनी में डॉ. अंजुम वाली गली व नूर इलाही के मकान वाली गली में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन के स्थान पर नई 110 एमएम पीवीसी पेयजल पाइप लाइन डाली जाएगी। लंबे समय से यहां के निवासी पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे।
इसके अतिरिक्त नगर में खराब हो चुके 50 से अधिक हैंडपंपों की मरम्मत भी कराई जाएगी, इसमें कोई सामान उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था के लिए बिछाई गई पीवीसी, एसी, सीआई, जीआई व डीआई पेयजल लाइन की मरम्मत भी हाेगी। मामले में अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि पेयजल पाइप लाइन बिछाने के लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं। पेयजल से संबंधित सभी समस्या का समाधान कराया जा रहा है।