जलस्तर बढऩे से ब्रजघाट गंगा का बहाव हुआ तेज, बढ़ा खतरा। संवाद
ब्रजघाट। ब्रजघाट स्थित गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे खादर क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ने लगी है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार से बृहस्पतिवार की दोपहर तक महज 24 घंटे अंदर गंगा के जलस्तर में 17 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। जलस्तर 196.69 मीटर से बढक़र 196.86 मीटर (समुद्र तल से) के निशान पर पहुंच गया है। हर साल मानसून के दौरान उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों और पश्चिमी उप्र के मैदानी इलाकों में होने वाली भारी बारिश का सीधा असर गंगा के जलस्तर पर पड़ता है। यदि अगले 10 दिनों तक जलस्तर में इसी प्रकार बढ़ोतरी जारी रहती है तो खादर क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव और अन्य समस्याओं की आशंका बढ़ सकती है। एसडीएम श्रीराम यादव का कहना है कि बाढ़ चौकियां स्थापित करने की तैयारी कर दी गई है, फिलहाल जलस्तर सामान्य स्थिति में है। संवाद