फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: बंद कमरे में उपमुख्यमंत्री ने सुनी व्यापारियों की पीड़ा, सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन

Wed, 21 Jan 2026 11:15 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
हापुड़। चावल व्यापारी और अन्य के साथ हुई मारपीट के मामले में बुधवार को व्यापारियों और आरोपी भाजयुमो के जिला मंत्री के समर्थक उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिलने के लिए भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचे। आमने-सामने आए दोनों गुटों को देख अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। सूचना पर एडीएम व एएसपी मौके पर पहुंचे और सभी को समझाया। हालांकि, पार्टी कार्यालय के एक कमरे में उपमुख्यमंत्री ने व्यापार मंडल के दो प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

रविवार की रात चावल व्यापारी मनोज कुमार गर्ग के साथ फ्री गंज रोड पर भाजयुमो के जिला मंत्री राहुल शर्मा, अमन मोमोज, नितिन शर्मा उर्फ एनडी शर्मा, अंशुल, सागर व उनके कुछ साथियों ने गाली-गलौज की। आरोप है कि इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें केले के गोदाम वाली गली में ले जाकर पीटा था। मौके पर बचाव करने आए उनके पुत्र शुभम गर्ग व उसके दोस्त ट्रांसपोर्ट अमन चौधरी की भी पिटाई की गई।
बुधवार को उपमुख्यमंत्री के आने की सूचना पर शाम करीब चार बजे राहुल शर्मा के समर्थक प्रीत विहार स्थित जिला कार्यालय पहुंचे। मौके पर युवाओं की संख्या बढ़ते देख पुलिस बल बुलाया गया। शाम करीब पांच बजे बड़ी संख्या में व्यापारी भी पहुंच गए। यह देख एलआईयू के अधिकारियों ने जिले के उच्च अधिकारियों को सूचना दी। कुछ ही देर बाद एडीएम संदीप सिंह और एएसपी विनीत भटनागर मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

उन्होंने पहले राहुल शर्मा के समर्थकों को बुलाया और समझाने का प्रयास किया। मामले को कुछ लोग ब्राहमण और वैश्य समाज से जोड़ने लगे। इस पर एएसपी ने सीओ वरुण मिश्रा को आगे किया। सीओ के समझाने पर राहुल शर्मा के समर्थकों ने कहा कि वह सिर्फ उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन देना चाहते हैं। मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। बिना वजह मामले को तूल दिया जा रहा है। हालांकि, बाद में उन्होंने सीओ को ज्ञापन दे दिया।
वहीं, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र पंसारी और महामंत्री अमन गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी पीड़ित को लेकर पहुंचे। एडीएम और एएसपी ने व्यापारियों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने। कुछ देर बाद जब उपमुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे तो व्यापारियों ने बातचीत का प्रयास किया। इस पर उपमुख्यमंत्री ने बंद कमरे में बिजेंद्र पंसारी और अमन गुप्ता के साथ बातचीत की और ज्ञापन लिया। वहीं, कुछ देर के बाद पार्टी के कार्यक्रम के बीच संयुक्त हापुड़ व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल व मनीष नीटू ने भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
मामले में एटीएमएस ग्रुप के चेयरमैन नरेंद्र अग्रवाल ने कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता को फोन कर सख्त कार्रवाई की मांग की । इसके अलावा वैश्य समाज उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय केसरी को जानकारी दी गई। वहीं, व्यापारी एसपी ज्ञानंजय सिंह को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान शरद गर्ग, योगेंद्र अग्रवाल, रविंद्र गुप्ता, अरूण, मनोज गर्ग आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें