हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीपुरा निवासी अरुण ने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर रास्ते में ट्रॉली से निर्माणाधीन मकान की ईंट उतरवा रहे उनके ग्राम प्रधान चाचा ओमेश कश्यप पर लाठी डंडों व सरिया से हमला करने का आरोप लगाया है। बचाव करने आए उनके बड़े भाई व चाचा के पुत्र पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने युवक की तहरीर पर एक ही परिवार के सात नामजद व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अरुण ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके चाचा ओमेश कश्यप वर्तमान में गांव जोगीपुरा के ग्राम प्रधान हैं। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे उनके चाचा अपने निर्माणाधीन मकान की ईंट ट्रॉली से उतारकर रास्ते में डाल रहे थे। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला पप्पू, उसका पुत्र पंकित, अंकित, पत्नी सुनीता, पुत्री अंकिता, मीना व दीपक यहां पहुंचे और रास्ते में ईंट उतारने का विरोध करते हुए उनके चाचा के साथ गाली गलौज करने लगे।
गाली गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उनके चाचा पर लाठी डंडों, सरिया व लात घूसों से हमला कर दिया। चाचा की चींख पुकार सुनकर उनका बड़ा भाई संदीप व चाचा का पुत्र यश मौके पर पहुंचे और बचाव करने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने संदीप व यश पर भी हमला कर दिया।
हमले में उनके चाचा, बड़ा भाई व चाचा का पुत्र घायल हो गए। झगड़ा देख आसपास के लोग यहां एकत्र हो गए। जिन्हें देख आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर यहां से फरार हो गए। लोगों ने उनके उनके चाचा, बड़े भाई व चाचा के पुत्र को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उनके चाचा ओमेश कश्यप को मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवक की तहरीर पर सात नामजद व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।