हापुड़। गढ़ गंगा कार्तिक मेले में रूट डायवर्जन के दौरान डग्गामार बसों से सुविधा शुल्क लेकर बसों को आगे रवाना करने के वीडियो वायरल हो रह हैं। ये वीडियो हापुड़ के हाईवे-9 के बताए जा रहे हैं, जिसके बाद अधिकारियों ने इनकी जांच शुरू कर दी है।
गढ़ गंगा मेले के दौरान दो दिन हाईवे पर जाम की स्थिति रही। उच्चाधिकारियों ने मेले को जाम मुक्त रखने के लिए रूट डायवर्जन कर दिया था। लेकिन इसके बावजूद भयंकर जाम लगा। इसी बीच हाईवे पर डग्गामार बसों को रुपये लेकर पास कराने के वीडियो वायरल हुए। हालांकि अमर उजाला इन वीडियो के यहां के होने की पुष्टि नहीं करता, लेकिन ये वीडियो सोशल मीडिया पर हाईवे-9 के बताए जा रहे हैं।
रात के समय में कुछ पुलिसकर्मी डग्गामार बसों को रोक रहे हैं और कुछ सेटिंग करने के बाद उन्हें आगे रवाना कर रहे हैं। किसी अन्य व्यक्ति ने चुपके से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। हालांकि पहले भी इस प्रकार के वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई की गई थी।
एएसपी विनीत भटनागर का कहना है कि वीडियो की जांच कराई जा रही है, जांच में वीडियो यहां की पाई जाती है या इसमें कुछ सच्चाई पाई जाती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।