हापुड़। जिले में वसंत पंचमी पर्व पर शुक्रवार को जहां सरस्वती पूजा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, इस दौरान शादियों में भी खूब धूम धड़ाका होगा। अबूझ साये के तहत जिले में करीब 300 शादी समारोह के आयोजन का अनुमान है। ऐसे में बृहस्पतिवार को बाजारों में भी काफी भीड़ और चहल पहल देखी गई। लोग शादी की तैयारियों में जुटे रहे।
भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा से जुड़े पं. अजय कुमार शर्मा ने बताया कि 14 जनवरी को खरमास समाप्त होने के बाद शुक्र अस्त दोष होने से इस माह शादियों के शुभ मुहूर्त नहीं बन रहे हैं। लेकिन वसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त पर जिसकी लग्न न भी पड़ रही हो, वह भी इस दिन विवाह कर लेता है।
इसके चलते बसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त में बड़ी संख्या में शादियां होंगी। इस वर्ष सरस्वती पूजा के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है, जिसमें पूजा का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में शुक्रवार को वसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त पर करीब 300 से अधिक में शादियां होने का अनुमान है।
इसके अलावा, सरस्वती पूजा के लिए पूरे दिन अबूझ मुहूर्त रहेगा, इसलिए आप दिन के किसी भी समय पूजा कर सकते हैं। हर वर्ष सरस्वती पूजा का आयोजन माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को किया जाता है, जिसे वसंत पंचमी के नाम से भी जाना जाता है।
इस दिन पूरे समय अबूझ मुहूर्त होता है, इसलिए किसी भी शुभ कार्य के लिए पंचांग देखने की आवश्यकता नहीं होती। उधर, शादियों की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को बाजारों में अच्छी खासी भीड़ रही। बर्तन, कपड़ों आदि की दुकानों पर महिलाओं की खासी भीड़ रही।