गढ़मुक्तेश्वर। मेरठ रोड पर गांव पौपाई के पास तेज रफ्तार रोडवेज की टक्कर लगने से ऑटो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। लगभग 40 मिनट तक हंगामा होता रहा, वहीं जब पुलिस ने शव को हटाने का प्रयास किया तो ग्रामीण एकत्र हो गए और सड़क से रोड़ी पत्थर उठाकर पुलिस पर पथराव करने लगे। मौके पर पहुंचीं सीओ और इंस्पेक्टर ने पुलिस के साथ पथराव और हंगामा करने वालोंं को वहां से खदेड़ा।
मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे जनपद मेरठ के किठौर निवासी आसिफ गढ़ के लिए ऑटो में यात्रियों को बैठाकर ला रहा था। जैसे ही ऑटो गांव पौपाई में मेरठ रोड पर पहुंचा तो गढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए और ऑटो में सवार बाबू खां (50) पुत्र गुलहसन निवासी अमरोहा के मोहरका पट्टा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा शाहना निवासी नंगलामल, मुंडाली, वकीला और खुशबू निवासी किठौर समेत एक बच्चा घायल हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक बाबू खां की बहन की ससुराल पौपाई में हैं। जैसे ही सड़क हादसे की जानकारी मिली तो सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और पुलिस पर समय से न पहुंचने का आरोप लगाते हुए जाम लगाने लगे। इसी दौरान सीओ स्तुति सिंह और इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए और शव को सड़क से हटाने लगे। जिसको देख मृतक के परिजन भड़क गए और पुलिस से नोकझोंक करने लगे। पुलिस ने काफी समझाया लेकिन वह नहीं माने और गुस्से में आकर पुलिस पर पथराव करने लगे। इस दौरान पुलिस की जिप्सी हाईवे 7 के आगे के शीशे पर पत्थर लगा, जिससे शीशा फूट गया। जिसके बाद पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों पर बल प्रयोग कर खदेड़ा। बता दें कि करीब 40 मिनट तक मेरठ रोड पर तनाव की स्थिति बनी रही। लेकिन गनीमत रही कि कोई पुलिसकर्मी पथराव का शिकार नहीं हुआ। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि गुस्साए मृतक के परिजनों को शांत कर दिया गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। वहीं हादसे के बाद रोडवेज बस चालक भाग निकला है, जिसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिसके थोड़ा समय बीतने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाबू खां की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार को किठौर में दवाईं लेने के लिए गए थे, वहां से लौटते समय में वह हादसे का शिकार हो गए। जिससे बाबू खां की जान चली गई।
इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है,
प्रशांत शर्मा