गढ़मुक्तेश्वर। मुरादाबाद से आ रही आला हजरत एक्सप्रेस के पीछे डिब्बों में धुआं निकलने के कारण आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद रेलवे अधिकारी, दमकल विभाग और पुलिस ने अमरोहा क्षेत्र में ट्रेन की जांच की । लेकिन, पहियों पर लगे डिस्क घिसने से धुआं निकलने का मामला सामने आया। जिसके बाद रेलवे दमकल और पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे गढ़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक को सूचना प्राप्त हुई। जिसमें बताया गया कि मुरादाबाद से दिल्ली को जाने वाले आला हजरत ट्रेन (14311) में आग लगी है। स्टेशन अधीक्षक ने स्थानीय दमकल विभाग, पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी को सूचना देकर तुरंत ही मौके पर बुला लिया। सूचना मिलते ही सभी विभागों के अधिकारी सुरक्षा किट के साथ गढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। करीब एक घंटे बाद मुरादाबाद की तरफ से आई ट्रेन गढ़ से होते हुए निकल गई। स्टेशन अधीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेन को अमरोहा जिले के गेटमेन 49 को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को अमरोहा क्षेत्र में रोक लिया गया। जहां ट्रेन के पिछली बोगी की जांच की तो पहिए के डिस्क में खराबी पाई गई। जिसकी मरम्मत कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। अमरोहा से लेकर गाजियाबाद तक के अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बन रही। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि आलाहजरत के पीछे आने वाली एक मालगाड़ी 32 मिनट देरी से आईं, अन्य कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई। इस दौरान गढ़ कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह, फायर स्टेशन इंचार्ज बिजेंद्र पंवार, आरपीएफ चौकी इंचार्ज आशीष कुमार, जीआरपी चौकी प्रभारी अनिल कुमार अपनी टीम के साथ सर्तक रहे।