पिलखुवा। परतापुर रोड पर रेलवे फाटक संख्या 85 सी पर अंडरपास निर्माण के दौरान रास्ते बंद करने के विरोध में सद्दीकपुरा के लोगों ने रविवार को हंगामा किया। लोगों ने खोदाई रुकवाकर गलियों का रास्ता खुला रखने की मांग की। फिलहाल कार्य को रुकवा दिया गया है।
सभासद हाजी जहीर, छुट्टन, शकील अहमद, आकिल और मेराजुद्दीन ने बताया कि निर्माण के दौरान मंदिर जाने वाले रास्ते सहित तीन गलियां बंद की जा रही हैं। इससे स्कूली छात्रों को स्कूल पहुंचने, कामगारों को काम पर जाने और दुकानदारों को अपनी दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होगी। मरीजों और बुजुर्गों को भी आने-जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गलियां बंद होने से रोजमर्रा के जरूरी काम प्रभावित होंगे। लोगों के अनुसार, रेलवे ने खुदाई के दौरान रास्ता देने का आश्वासन दिया था, लेकिन मशीनों से काम शुरू होते ही रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए गए। दिलशाद, सोनू, यूनुस, बाबू खां, अनीस, इरशाद, तहसीन, मतीन और शाहिद ने कहा कि अंडरपास बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी लेकिन निर्माण के दौरान वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था किए बिना गलियां बंद करना उचित नहीं है।
उन्होंने मंदिर जाने वाले रास्ते सहित सभी गलियों में आवागमन बनाए रखने की मांग की। विरोध के दौरान लोगों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
सेक्शन इंजीनियर विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई है। लोगों से वार्ता कर समस्या सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। हंगामे में असलम, यूसुफ, जमील, आस मोहम्मद, जगदीश, विक्की, सिराज और अजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।