हापुड़। यूपी बोर्ड की परीक्षा में दो छात्रों के कॉपी लेकर भागने और एक छात्र के सॉल्वर से पेपर हल कराने के मामले में छात्रों पर एफआईआर दर्ज नहीं होगी। बल्कि इनकी उक्त उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से इस संबंध में आदेश पत्र जारी किया गया है।
पिछले दिनों दसवीं की परीक्षा के दौरान पिलखुवा के चंडी विद्यालय और वझीलपुर के इंटर कॉलेज से दो छात्र कॉपी लेकर भाग गए थे। किसी तरह छात्रों को बुलाकर कॉपी ले ली गई, लेकिन मामला प्रदेश स्तर पर संज्ञान में लिया गया।
इसके अलावा हापुड़ के श्रीशांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज में एक छात्र ने अपने चचेरे भाई (सॉल्वर) से तीन पेपर हल करा लिए। जब वह छात्र खुद पेपर देने गया तब उसे हस्ताक्षर की भिन्नता के चलते पकड़ लिया गया। हालांकि इन प्रकरणों में छात्रों पर एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि परीक्षार्थियों को उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए आपराधिक दायित्व से मुक्त रखा जाएगा। लेकिन संबंधित प्रश्न पत्र की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा और ऐसे परीक्षार्थी का परीक्षा परिणाम परीक्षा प्राधिकारी की ओर से विहित रीति से घोषित किया जाएगा।
-
कोट
परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग को लेकर शासन से जारी आदेश का पालन कराया जाएगा। आदेश में स्पष्ट है कि बोर्ड परीक्षा में भाग ले रहे परीक्षार्थियों पर एफआईआर न कराई जाए। हालांकि इन कृत्यों में शामिल अन्य लोगों पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।डॉ.श्वेता पूठिया, जिला विद्यालय निरीक्षक।