हापुड़। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर केंद्रों पर पूरी सतर्कता रहेगी। मोबाइल आदि लेकर कोई छात्र अंदर नहीं जा सकेगा। हर केंद्र पर क्लॉक रूम बनेंगे, जहां शिक्षकों व अन्य स्टाफ के मोबाइल जमा किए जाऐंगे। परीक्षा अवधि में मोबाइल मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
जिले के 40 केंद्रों 24 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होंगी। दसवीं में 14662 और 12वीं में 13862 छात्र पंजीकृत हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। जोनल, स्टेटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही पुलिस बल को कड़़े निर्देश दिए गए हैं। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी और वॉइस रिकॉर्डर कैमरे लगाए गए हैं।
परीक्षा की शुचिता बनी रहे व कक्ष निरीक्षकों के साथ कर्मचारी की पहचान हो सके, इसके लिए सभी को परीक्षा के दौरान विभाग की ओर से जारी परिचय पत्र रखने होंगे। इसके साथ ही परीक्षा के दिन विषय विशेषज्ञ कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी न लगे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को शिक्षकों के शैक्षिक दस्तावेज विद्यालय में जमा करवाने का निर्देश दिया है।
कोट -
जिले के समस्त केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा नकलविहीन संपन्न कराई जाएगी। इसके लेकर तैयारियां की जा रही हैं। छात्रों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। - डॉ.विनीता, डीआईओएस।