यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए इस बार नकल विहीन कॉलेजों को ही केंद्र बनाया जाएगा। शासन ने इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
डीएम 25 अक्तूबर को केंद्र निधार्रण के संदर्भ में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शासन ने इस बार भी बोर्ड परीक्षाएं नकल विहीन कराने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में परीक्षाओं में नकल की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने,
गुणवत्ता व विश्वसनीयता बनाए रखने के भी कड़े निर्देश माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसरों को मिलें हैं। प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार ने बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण करते समय बीते वर्ष जिन केंद्रों पर नकल विहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न हुई है,
उन्हें प्राथमिक दिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वित्त विहीन विद्यालयों का आवंटन अवरोही क्रम में करने के निर्देश हैं। इसकी तैयारी के संबंध में 25 अक्तूबर को डीएम जनपदीय समिति के साथ बैठक करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए जिला व मंडल स्तर पर समिति का गठन किया जाएगा। समिति ही केंद्रों का निर्धारण करेगी।