संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गांव हरोड़ा के ग्रामीणों ने गांव में बन रही पानी की टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रामीण नीरज शर्मा ने बताया कि गांव में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए पानी की टंकी के निर्माण का काम चल रहा है। उप्र जल निगम (ग्रामीण) द्वारा टेंडर के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीण का कहना है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा कच्ची ईंट समेत अधोमानक सामान का प्रयोग किया जा रहा है। जिसके चलते कुछ ही दिनों में चाहरदीवारी की दीवार भर-भराकर ढह चुकी है। वहीं यदि इसी तरह मानक के विपरीत काम कराया गया, तो पानी की टंकी ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा भी बन सकती है। इस संबंध में जल निगम समेत स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए नीरज ने निर्माण कार्य की जांच, ठेकेदार व भ्रष्ट अधिकारियों,कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने समेत सही ढंग से काम पूरा कराने की मांग की है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता विनय रावत ने बताया कि टीम भेजकर निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी ।