जिला उद्योग बंधु की बैठक में सोमवार को बिजली का मुद्दा छाया रहा। ट्रांसफार्मर चालू न होने, दो अवर अभियंताओं के बिजलीघर पर मौजूद न रहने आदि मामलों को जोरशोर से उठाया गया।
कलक्ट्रेट में बैठक में दिल्ली गढ़ रोड स्थित फीडर को औद्योगिक फीडर घोषित किए जाने, लोकल फाल्ट समय से सही न होने, एपीडीआरपी योजना के तहत 250 ट्रांसफार्मर धीमी गति से लगाए जाने का मामला उठाया गया।
अधिशासी अभियंता चंदन प्रकाश ने कहा कि समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। औद्योगिक फीडर बनाने का कार्य भी तेजी से जारी है। एपीडीआरपी योजना के तहत ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए स्थान चिन्हित हो गए हैं और जल्द ही लगवाए दिए जाएंगे।
दो सड़क निर्माण के मामले में सहायक अभियंता एसके सक्सेना ने बताया कि एक सड़क का निर्माण हो चुका है, जबकि दूसरी का टेंडर हो चुका है। मैरीनो फैक्ट्री के बाहर नाला निर्माण के मामले में बताया गया कि 30 जून तक नाला निर्माण पूरा हो जाएगा।
आईआईए के चैप्टर चेयरमैन अमन गुप्ता ने कहा कि बैठक में अफसर आश्वासन दे देते हैं, लेकिन कार्य नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत निगम का राजस्व वसूली का हापुड़ डिवीजन का टारगेट 24 करोड़ था, जबकि 25.5 करोड़ की वसूली हुई है। फिर भी निगम के अफसर सही बिजली नहीं दे रहे हैं।
डिप्टी कलेक्टर अशोक कुमार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। संचालन उपायुक्त हिमांशु गंगवार ने किया। डिप्टी कलेक्टर मीनू राणा, हापुड़ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह, विजय अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, ललित छावनी आदि रहे।