हापुड़। जिला स्तरीय उद्योग बंधु की मासिक बैठक सोमवार को जिला सभागार में हुई, जिसमें उद्यमियों ने पोर्टल पर आने वाली समस्याओं का समय से निस्तारण न हाेने का मुद्दा उठाया।
जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा व सीडीओ हिमांशु गौतम की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें जनपद के सभी औद्योगिक संगठनों के साथ समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा की। जिसमें संबंधित विभागों जैसे प्रदूषण, यूपीसीडा, विद्युत सुरक्षा व अन्य सभी को निर्देशित किया गया। साथ ही पोर्टल पर प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का निस्तारण समय सीमा के अंदर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र मसूरी-गुलावठी रोड पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए यूपीएसआईडीसी, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, सिंचाई विभाग एवं औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों की समिति का गठन करने के निर्देश दिए। पिलखुवा के उद्यमियों द्वारा टेक्सटाइल सेंटर में सीवर लाइन की व्यवस्था कराने, औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिदिन कचरा उठाए जाने की मांग की। जिस पर डीएम ने जिला पंचायत को निर्देशित किया। उन्होंने नगर पालिका के ईओ से कहा कि दिल्ली रोड पर नाले की सफाई पूर्ण कराएं। अघोषित विद्युत कटौती की समस्या पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही अधिशासी अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में की जा रही शटडाउन की लॉगबुक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त उद्योग खुशबू सिंह, विजय अग्रवाल, संजय गर्ग आदि मौजूद रहे।