हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर स्थित गुरुकुल महाविद्यालय से दो किशोर छात्र लापता हो गए। परिजनों ने आसपास व रिश्तेदारों में छात्रों को तलाश किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस एक छात्र की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों छात्रों की तलाश कर रही है।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर काकौड़ी निवासी सुमन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र देवा गांव ततारपुर गुरुकुल महाविद्यालय में कक्षा आठ का छात्र है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे उनका पुत्र विद्यालय से लापता हो गया। जानकारी करने पर उन्हें पता चला कि यहां कक्षा आठ में पढ़ने वाला गांव काठीखेड़ा निवासी 14 वर्षीय छात्र तनिष भी लापता है। आशंका है कि कोई व्यक्ति दोनों छात्रों को बहलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने व छात्र तनिष के परिजनों ने दोनों को काफी तलाश किया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द छात्रों को तलाश लिया जाएगा।