हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ब्रजनाथपुर चौकी के पास तेज रफ्तार दो पिकअप आपस में भिड़ गई। इस दौरान दोनों पिकअप के चालक मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों पिकअप को कब्जे में लिया है।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव भडंगपुर निवासी रवीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपनी पिकअप में हरी मिर्च लादकर बुलंदशहर से हापुड़ मंडी आ रहा था। जैसे ही उसकी पिकअप ब्रजनाथपुर चौकी के पास पहुंची तो गलत दिशा से आ रही दूसरी पिकअप ने उसकी पिकअप में टक्कर मार दी। इसमें दोनों पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों पिकअप के चालक घायल हो गए। दूसरी पिकअप के चालक की पहचान विक्की निवासी गांव हरसिंगपुर थाना हाफिजपुर के रुप में हुई है।
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों पिकअप के चालक घायल हुए थे। जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दोनों पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।