गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में करीब तीन माह से वांछित चल रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि 21 सितंबर को सूचना के बाद ब्रजघाट पलवाड़ा रोड पर चलाए गए तलाशी अभियान में पुलिस टीम ने कार और बाइक सवार तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से तीन किलो 40 ग्राम गांजा व अवैध हथियार बरामद किए गए। इस दौरान तस्करों के तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में कामयाब हो गए थे। उस समय गिरफ्तार बदमाशों ने अपने नाम धीरज, रोहित और विकास निवासी जनपद बरेली बताए, फरार तस्करों के नाम मनोज, मोहित यादव व ओमपाल बताए थे। पुलिस ने गांजा, कार व हथियारों को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। तभी से पुलिस टीम फरार चल रहे बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। सीओ ने बताया कि सूचना के आधार पर मंगलवार की रात दबिश देकर कोतवाली पुलिस ने ओमपाल और मोहित निवासी बरेली को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों के खिलाफ थाना फरीदपुर, सुभाष नगर बरेली, भोजीपुरा अन्य थानों में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।