ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए सोमवार को डीएम ने प्रमुख पद के निर्वाचन को लेकर सार्वजनिक सूचना/नोटिस जारी कर दी है। वहीं नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो गई लेकिन पहले दिन धौलाना ब्लाक में ही सिर्फ दो नामांकन पत्र बिक सके है।
पांच फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। नामांकन से लेकर मतगणना तक चुनाव से संबंधित सभी कार्यवाही संबंधिक खंड विकास कार्यालयों पर होगी। ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने सार्वजनिक सूचना/नोटिस जारी कर दिया है।
गढ़मुक्तेश्वर ब्लाक के प्रमुख पद के चुनाव के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी मध्य गंग नहर के अधिशासी अभियन्ता बीएस चाहर को, हापुड़ ब्लाक के लिए जिला कृषि अधिकारी धीरज कुमार, धौलाना ब्लाक के लिए भूमि संरक्षण अधिकारी रजित राम और सिंभावली ब्लाक के लिए पीएमआरएसवाई के अधिशासी अभियन्ता सुरेन्द्र सिंह को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
चुनाव संबंधित सभी कार्यवाही संबंधित ब्लाक मुख्यालय पर होंगे। नामांकन पांच फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जमा होंगे, नामांकन पत्र की जांच इसी दिन दोपहर तीन बजे से होगी। 6 फरवरी को नाम वापसी पूर्वाह्न 11 बजे से अपरान्ह तीन बजे तक होगा।
अगर मतदान होता तो सात फरवर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजेे तक होगा। तीन बजे के बाद मतगणना शुरू होगी जो कार्य समाप्ति तक चलेगी। उधर नामांकन बिक्री के पहले दिन एक भी नामांकन पत्र की हापुड़ ब्लाक में बिक्री नहीं हुई है।