ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी राजन का अपने पड़ोसी से पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह इसी बात को लेकर गली में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग हाथों में बलकटी, रॉड और सरिये लहराते व हमला करते दिख रहे हैं।
संघर्ष में एक पक्ष से रोहित, उसका भाई अभिषेक और मोहित घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से राजन, उसका भाई नवीन, रवि तथा काजल पुत्री प्रवीण और प्रियांशी घायल हुए हैं। घटना के बाद बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी हापुड़ में भर्ती कराया। वहां रोहित और राजन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी विनीत भटनागर और एडीएम संदीप कुमार ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।