बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी के नुक्कड़ पर लगे एक एमवीए व 400 केवी क्षमता के दो ट्रांसफार्मर दो दिन से फुंके पड़े हैं। इनसे जुड़े आधा दर्जन मोहल्ले के हजारों लोग बिजली किल्लत के चलते पेयजल के लिए भी तरस रहे हैं।
बार-बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से लोगों में गुस्सा है। एसई ने मामले में जांच की बात कही है। रामपुर रोड स्थित बिजलीघर से बुलंदशहर रोड के करीमपुरा, कोटला मेवतियान, आवास विकास कॉलोनी, अलीनगर सहित कई मोहल्लों को आपूर्ति दी जाती है।
बुधवार को बरसात के दौरान आवास विकास में लगे एक एमवीए व 400 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया था। दो दिन बाद भी इन मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
उपभोक्ता शिकायत करने बिजलीघर पहुंचते हैं तो उन्हें आपूर्ति बहाल कर देने की बात कह वापस भेज दिया जाता है। शुक्रवार को इस संबंध में एसडीओ यशेंद्र सिंह से वार्ता की गई तो उन्होंने भी बताया कि आपूर्ति बहाल करा दी गई है,
लेकिन समस्या जस की तस थी। ऐसे में विभाग की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। अधीक्षण अभियंता बीएल मौर्या ने कहा कि दो दिन से आपूर्ति बाधित रहने का मामला गंभीर है। इस मामले की वह जांच कराएंगे। उपभोक्ताओं को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।