गढ़मुक्तेश्वर। निर्धारित समय में मरम्मत कार्य पूरा न होने के कारण अब स्याना रोड रेलवे फाटक दो दिन और बंद रहेगा। पांच दिन पहले ही फाटक बंद होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी है।
उत्तर रेलवे गजरौला के सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि गढ़-स्याना रोड पर स्थित रेलवे फाटके के आसपास लाइन में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। जिसके मद्देनजर 27 से 31 जनवरी तक फाटक को आवागमन के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। लेकिन, पैकिंग मशीन खराब होने के कारण काम निर्धारित समय पर नहीं हो सका। जिसके चलते काम की अवधि दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। इस कारण शनिवार(आज) और दो फरवरी की शाम आठ बजे तक इस फाटक से वाहनों का आवागमन बंद रखा जाएगा। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि कोतवाली और यातायात पुलिस को इस दौरान यातायात सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है।