हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत मोहल्ला शकरकुई ब्रह्मनान में काली मस्जिद के बाद पशुओं की एक डेयरी के बाहर गंदगी और हरा चारा डालने के विवाद के बाद दो परिवार आमने-सामने आ गए। दोनों के अलग-अलग संप्रदाय के होने के कारण पुलिस के हाथ पांव फूल गए। आनन फानन में पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
मोहल्ला शकरकुई ब्रह्मनान में एक व्यक्ति डेयरी का काम करता है। जिसके कारण भैंसों का हरा चारा रास्ते पर पड़ा रहता है। शनिवार शाम सामने रहने वाले एक दूसरे संप्रदाय के परिवार ने इसका विरोध किया तो डेयरी मालिक पक्ष के लोग एकत्र हो गए। इस दौरान हाथापाई शुरू हो गई। सूचना पर एएसपी मुकेश चंद मिश्रा, सीओ अशोक कुमार सिसौदिया और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया गया। सीओ ने बताया कि मामूली विवाद हुआ था, कुछ लोग एकत्र हो गए, लेकिन समय रहते पुलिस पहुंच गई और मामले को शांत करा दिया। मामले में अभी तक किसी की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मोहल्ले की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शांति व्यवस्था के लिए आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।