बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव सिमरौली में बरात में आए दंपती समेत कई लोगों पर कुछ लोगों ने लाठी डंडों, ईंट व पीतल के कड़े से हमला कर दिया। हमले में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने युवक की तहरीर पर दो नामजद व कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जिला बुलंदशहर के गांव नयागांव धमैड़ा अड्डा निवासी गोल्डन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 25 अप्रैल को वह अपनी पत्नी संगीता, भाई जोनी, दोस्त अरुण व बच्चों के साथ अपने मौसेरे भाई गौरव की बरात में आया था। आरोप है कि बरात चढ़त के दौरान बरौठी होने पर हेमसिंह व जगदीश ने उसे उसकी पत्नी व भाई को जमकर पीटा। यहां मौजूद लोगों ने उन्हें आरोपियों से बचा लिया और दोनों में समझौता कर दिया।
इसके बाद वह अपने परिवार के साथ कार में बैठकर घर जाने का प्रयास करने लगे। इस पर आरोपियों ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसपर व उसके भाई जोनी पर लाठी डंडों, ईंट व पीतल के कड़े से हमला कर दिया। हमले में वह व उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर यहां से फरार हो गए। घटना से वह व उसका परिवार काफी डर गया और वह अपने परिवार के साथ घर लौट आए। इसके बाद उसने अपने यहां एक चिकित्सक से अपना व भाई का उपचार कराया। बुधवार को वह अपने परिजनों के साथ थाने पर पहुंचा और पुलिस से मामले की शिकायत की।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवक की तहरीर पर हेमसिंह, जगदीश व कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।