हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के एनएच-334 स्थित किठौर फ्लाईओवर के पास अचानक हाईवे पर आए कुत्ते से बाइक टकरा गई। इस दौरान बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे एंबुलेंस पैरामेडिकल स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार दोनों घायलों को घर भेज दिया।
जिला अमरोहा के गांव शाहबाजपुर निवासी विनोद अपने ही गांव के घनश्याम के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे मेरठ से अपने गांव लौट रहा था। हाईवे 334 स्थित किठौर फ्लाईओवर के पास पहुंचने पर अचानक एक कुत्ता आ गया। इस दौरान उनकी बाइक कुत्ते से जा टकरा गई। इसके बाद वह दोनों गिरकर घायल हो गए। कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख हाईवे पर चलने वाले राहगीर काफी संख्या में यहां एकत्र हो गए। जिन्होंने हादसे की सूचना 1033 हेल्पलाइन पर कॉल कर दी। हादसे के कुछ देर बाद ही एंबुलेंस दुर्घटनास्थल पर गई। एंबुलेंस में तैनात पैरामेडिकल स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद कुछ देर आराम कराकर विनोद व घनश्याम को घर भेज दिया।