पिलखुवा। थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी दो युवकों की मेरठ के जानी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों युवक जानी से एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
गांव खेड़ा निवासी इलेक्ट्रीशियन अंकित (22) व दर्जी रवि (21) गहरे दोस्त थे। मंगलवार की रात दोनों बाइक पर सवार होकर जिला मेरठ के जानी क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। मंगलवार की देर रात समारोह से लौटते समय जानी क्षेत्र में उनकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बुधवार की दोनों दोस्तों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक अंकित परिवार में इकलौता पुत्र थे। उनकी दो माह पहले ही गांव नान से शादी हुई थी। उनकी तीन बहनें हैं। जबकि मृतक रवि तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर के थे।