संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राधानगर निवासी निवासी एक युवक को उसके ही रिश्तेदार ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने जब आरोपी से रुपये मांगे तो आरोपी ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। पीड़ित ने मामले में एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर के मोहल्ला राधानगर निवासी राहुल ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनका नजदीकी रिश्तेदार लखनऊ में रहता है। करीब डेढ़ साल पहले रिश्तेदार का बुलंदशहर उनके घर पर आना हुआ था। रिश्तेदार ने घर पर रुकने के दौरान उसे रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपी ने उससे चार लाख रुपये की मांग की, जिस पर उसके द्वारा एक लाख रुपये नकद और 1.50 लाख रुपये चेक से दे दिए।
पीड़ित ने बताया कि उस दौरान आरोपी रिश्तेदार ने तीन महीने के अंदर नौकरी लग जाने का झांसा दिया था लेकिन, कई महीने बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। इस पर उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे। इसके बाद आरोपी ने उसके फोन रिसीव करने बंद कर दिए। अन्य नंबर से कॉल करने पर आरोपी रिश्तेदार ने रुपयों का तकादा करने पर उससे अभद्रता करते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।