बाबूगढ़। थाना पुलिस ने दो पहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 10 बाइक बरामद की है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि थाना प्रभारी विजय गुप्ता व उनकी टीम को मुखबिर द्वारा गांव कनिया कल्याणपुर के जंगल में बने खंडहर में चोरी की बाइकों के साथ दो शातिर चोरों के होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने यहां पहुंचकर खंडहर को घेर लिया। पुलिस को देख दो शातिर चोर भागने का प्रयास करने लगे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। आरोपियों की पहचान हर्षित निवासी गांव गोहरा आलमगीरपुर व वाहिद निवासी गांव पटना मुरादपुर के रूप में हुई है।
सीओ ने बताया कि आरोपियों से थाना देहात क्षेत्र से चोरी की गई दो व जिला गाजियाबाद से एक बाइक बरामद की गई है। अन्य बाइकों के बारे में जानकारी की जा रही है। साथ ही अन्य जिलों से आरोपियों का आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी की जा रही है।
.