हापुड़। करीब दो घंटे तक हुई तेज बारिश ने मंगलवार को फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सुबह लगभग 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हुई बारिश के बाद मुख्य बाजारों, प्रमुख सड़कों और कई गली-मोहल्लों में जलभराव हो गया।
गढ़ रोड, अतरपुरा चौपला, फ्रीगंज रोड, रेलवे रोड, मीनाक्षी रोड, दिल्ली रोड, नगर पालिका और सीएचसी परिसर सहित कई स्थानों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। गढ़ रोड और अतरपुरा चौपला पर करीब एक घंटे तक जाम लगा और वाहन रेंगते नजर आए।
शहर के सबसे व्यस्त गोल मार्केट में करीब दो फीट तक पानी भर गया, जिससे पीछे की गलियों में स्थित कई दुकानों के अंदर नाले का गंदा पानी घुस गया। व्यापारियों को दुकानें बंद करनी पड़ीं और सामान को नुकसान पहुंचा।
व्यापारियों राजू, दिनेश गुप्ता और मनोज जैन ने बताया कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है, जिससे करीब 500 व्यापारी प्रभावित होते हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
करीब दो घंटे तक नहीं निकला पानी
बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों और आर्यनगर, सूरज गंज, श्रीनगर, भीमनगर, न्यू भीमनगर, शिवपुरी, एलएन रोड, ज्ञानलोक कॉलोनी, लज्जापुरी, सिकंदर गेट, मोती कॉलोनी, साधना मार्केट और माता मोहल्ला समेत कई क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया। स्कूलों की छुट्टी होने से बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को जलभराव के बीच आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश रुकने के बाद भी करीब दो घंटे तक सड़कों पर पानी जमा रहा।
बिजली के खंभों और खुले तारों से दूर रहने की अपील
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और बिजली के खंभों व खुले तारों से दूर रहने की अपील की।
कोट
तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए जलभराव हुआ था लेकिन पानी की निकासी समय पर हो गई। बारिश को देखते हुए नालों की सफाई लगातार कराई जा रही है।
- संजय मिश्रा, अधिशासी अधिकारी
चेना पुरी रेलवे अंडरपास के अंदर भरा पानी। संवाद
चेना पुरी रेलवे अंडरपास के अंदर भरा पानी। संवाद