मेरठ जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव अतराड़ा निवासी नसीमुद्दीन की पोती मुस्कान (18) की पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। उसका नगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार की सुबह वह अपनी पोती मुस्कान को साथ लेकर हापुड़ नगर स्थित निजी अस्पताल में दवाई लेने के लिए आए थे। दोपहर करीब सवा बारह बजे लौटते समय जैसे ही दोनों बाइक से एनएच-334 स्थित धनौरा कट के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार एक कार ने उनमें टक्कर मार दी। इसमें मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नसीमुद्दीन गंभीर रुप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में उन्हें मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक नसीमुद्दीन गांव के चौकीदार भी थे। हादसे के बाद से ही कार चालक फरार बताया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, दादा पोती की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों को रो रोकर बुरा हाल था। ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने में लगे थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद से ही कार चालक फरार है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। पीडि़त पक्ष की तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।