कुचेसर चौपला। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में पुराने हाईवे स्थित कुचेसर चौपला के पास तेज रफ्तार ट्रक आगे जा रही मेली से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ गया। इसमें ट्रक चालक घायल हो गया और क्षतिग्रस्त ट्रक के केबिन में फंस गया। हादसे के बाद ट्रॉली में लदी मेली भी हाईवे पर फैल गई। इससे वहां जाम लग गया। पुलिस ने घायल ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराकर यातायात सुचारू कराया।
जिला अमरोहा के गांव ललवारा निवासी ट्रक चालक अरमान ट्रक लेकर अमरोहा से हापुड़ जा रहा था। पुराने हाईवे स्थित कुचेसर चौपला के पास पहुंचने पर उसका ट्रक अनियंत्रित हो गया। इस दौरान ट्रक आगे जा रही मेली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गया। हादसे में ट्रक क्षतिग्रस्त होने पर चालक अरमान केबिन में बुरी तरह फंस गया और ट्रॉली में लदी मेली भी हाईवे पर फैल गई। इस दौरान हाईवे पर फिसलने होने के कारण यातायात बाधित हो गया।
हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल ट्रक चालक को सिखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराकर हाईवे से मेली को साफ कराकर यातायात सुचारू कराया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने घायल ट्रक चालक को सिखेड़ा सीएचसी में भर्ती करा दिया था। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।