हापुड़। भीषण गर्मी में जिलेभर के बिजलीघर हांफ गए हैं, 11केवी की जगह बिजलीघरों को सिर्फ 10केवी वोल्टेज मिल रहे हैं, इससे ट्रांसफार्मर लोड नहीं झेल पा रहे। शनिवार को 24 घंटे के अंदर विभिन्न बिजलीघरों से जुड़े इलाकों में 200 से ज्यादा बार ट्रिपिंग हुई, 40 से ज्यादा फाल्ट हुए। शहर में सुबह दो घंटे की अघोषित कटौती की गई, जबकि गांवों में शेड्यूल ही बदल दिया गया। भीषण गर्मी में रातभर होने वाली ट्रिपिंग से लोगों का बुरा हाल है।
शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही आसमान से आग बरसने लगी, रात में भी भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। इस तापमान को बिजलीघर सहन नहीं कर पा रहे हैं। मोहल्लों में रखे ट्रांसफार्मर की लीड गर्मी के कारण पिघल रही हैं। रातभर बिजलीघरों के लाइनमैन लीड की बदलने में ही पूरा समय गुजार देते हैं।
कटौती का आलम यह है कि किसी भी फीडर से जुड़े इलाके को एक घंटा भी लगकर आपूर्ति नहीं मिल पा रही। 15 मिनट से आधा घंटे के अंदर ही ट्रिपिंग हो जाती है। जहां फाल्ट होता है वहां कई घंटे तक आपूर्ति नहीं मिल पाती। इस भीषण गर्मी में ट्रिपिंग और फाल्ट से लोगों का बुरा हाल हो रहा है।
दिल्ली रोड बिजलीघर पर रही ट्रिपिंग की समस्या
* फीडर नंबर सात पर चार बार ट्रिपिंग हुई, जिससे करीब 25 मोहल्लों की आपूर्ति हर आधा घंटे में बाधित रही।
* फीडर नंबर एक पर आधा घंटे तक लगातार ट्रिपिंग हुई, इस फीडर से करीब 20 मोहल्ले जुड़े हैं।
* फीडर नंबर पांच से जुड़े 24 मोहल्लों में पांच बार ट्रिपिंग हुई, सबसे अधिक ट्रिपिंग आधा घंटा रही।
* फीडर नंबर छह से जुड़े 20 मोहल्लों में चार बार ट्रिपिंग हुई, 15 मिनट तक की ट्रिपिंग रहीं।
इन स्थानों पर हुए फाल्ट-
मोहल्ला गणेशपुरा, तगासराय, त्रिलोकीपुरम, जवाहर गंज, दशमेशनगर, राजीव विहार, मजीदपुरा, देहलीगेट, गणेशपुरा, किशनपुरा, नूर बफान, छज्जुपुर में लगे ट्रांसफार्मर की लीड में फाल्ट से घंटों तक आपूर्ति बाधित रही।
बिजलीघरों को मिले सिर्फ 10केवी वोल्टेज, बंद रखने पड़े ट्रांसफार्मर
शनिवार को बिजलीघरों पर लो वोल्टेज की मार रही। 11केवी के स्थान पर सिर्फ 10केवी वोल्टेज ही मिल सके। ऐसे में दिल्ली रोड बिजलीघर के ट्रांसफार्मर को बारी बारी बंद रखना पड़ा।
नई शिवपुरी में 150 परिवार झेल रहे बिजली संकट
नई शिवपुरी को बिजली आपूर्ति देने के लिए 400-400केवीए क्षमता के चार ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। यह कॉलोनी पॉश है, जहां बिना बिजली चोरी के ही खपत बहुत अधिक है। लेकिन 150 परिवारों के लिए एक 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर की आवश्यकता है। लोगों का कहना है कि यहां ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह भी है, लेकिन अफसर ध्यान नहीं देते।
कोट -
भीषण गर्मी में बिजली की डिमांड बढ़ गई है, इससे ओवर लोडिंग की समस्या भी है। उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। फाल्ट की सूचना पर उसे तुरंत दुरुस्त भी करा रहे हैं।मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता।