कोहरा और वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण शहर में बुधवार को सभी प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम लगा रहा। हालात यह रहे कि छोटी दूरी तय करने में भी लोगों को घंटों समय लग गया। देर शाम तक यही हालात रहे।
पूरे दिन पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए जूझते रहे। बुधवार को दिन निकलते ही कोहरे के कारण नगर के प्रमुख चौपला तहसील चौराहा, मेरठ तिराहा, गढ़ रोड, अतरपुरा चौपला पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
दिन चढ़ने के साथ ही वाहनों का दबाव बढ़ता गया। ऐसे में जाम की स्थिति पैदा हो गई। दोपहर तक हालात और विकट हो गए। चंद मिनटों की दूरी घंटों में पूरी हुई। देर शाम एक बार फिर सड़कों पर भीषण जाम लग गया।
जाम में अधिकारियों से लेकर मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंसी रहीं। जाम से निजात के लिए पुलिस कर्मी कड़ी मशक्कत करते रहे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
यातायात प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि कोहरा और वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम लगा था। जाम खुलवाने के लिए पुलिस कर्मी प्रयासरत रहे।