पिलखुवा। रामा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रशिक्षु चिकित्सकों ने संस्थान पर दो माह से वेतन न देने का आरोप लगाते हुए परिसर में जमकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रबंधन पर कम मानदेय देने का भी आरोप लगाया। जिसके बाद कॉलेज प्राचार्य डॉ. अंशु शर्मा ने चिकित्सकों से वार्ता कर, उन्हें दो दिन में मांग पूरी कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
प्रशिक्षु चिकित्सक शुभम, अयान, तुषार, जतिन, रूझान, नव्या, अवंती, नाज ने बताया कि वह 2019 बेच के 120 एमबीबीएस पास आउट छात्र हैं, जो वर्तमान में चिकित्सक की ट्रेनिंग कर रहे हैं। संस्थान के प्रबंधन एवं अधिकारियों द्वारा उन्हें निर्धारित मानदेय से कम दिया जा रहा है। वहीं, पिछले दो माह से वेतन नहीं दिया गया है। वेतन की मांग करने पर दो से चार दिन में देने का आश्वासन दिया जाता है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है। उन्होंने बताया कि इन्ही मांगों को लेकर बुधवार को धरना दिया गया। सूचना पाकर धरना स्थल पर पहुंची प्राचार्य अंशु शर्मा ने धरनारत् चिकित्सकों को दो दिन में समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
कोट -
प्रशिक्षु चिकित्सकों को न तो कुछ सिखाना और न ही काम करना है। किसी भी बात को लेकर धरना पर बैठ जाना और राजनीति करना है। लेकिन फिर भी छात्र अपने ही हैं। प्राचार्य ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझा कर मामला शांत करा दिया था।
विक्रांत तोमर, महाप्रबंधक, रामा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पिलखुवा।