हापुड़। लालकुआं से मुंबई के बांद्रा टर्मिनल जाने वाली ट्रेन का संचालन सोमवार से शुरू हो गया। ट्रेन में मुंबई, कोटा, संवाई माधापुर, मथुरा के लिए 17 यात्री आरक्षित कोच में सवार हुए। वहीं दिल्ली, गाजियाबाद के लिए भी कई यात्री साधारण कोच में रवाना हुए।
लालकुआं से चलकर बांद्रा टर्मिनल जाने वाली 22544 लालकुआ-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस रुद्रपुर, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा होते हुए छह मिनट देरी से सुबह 11.37 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन में यात्रा के लिए लोगों ने पहले से ही रिजर्वेशन करा लिया था। ट्रेन का संचालन शुरू होने से गाजियाबाद, दिल्ली के साथ मथुरा जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। पिछले कई वर्षों से मथुरा तक सीधे ट्रेन के संचालन की मांग उठ रही थी। वहीं सुबह 10 बजे के बाद दोपहर 2 बजे तक दिल्ली दिशा में किसी भी ट्रेन का संचालन नहीं हो रहा था। मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि ट्रेन का संचालन शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी और मुंबई तक की राह आसान होगी।
हापुड़ से 17 यात्रियों ने कराया था रिजर्वेशन-
मुंबई एक्सप्रेस में पहले दिन यात्रा करने के लिए 17 यात्रियों ने रिजर्वेशन कराया था। ट्रेन में 12 यात्री मुंबई, तीन कोटा, एक सवाई माधापुर और एक मथुरा के लिए सीट रिजर्व कराई थी। इसमें सात रिजर्वेशन रेलवे टिकट काउंटर और दस टिकट ऑनलाइन कराए गए थे। इसके अलावा मुंबई, कोटा, मथुरा के लिए कई यात्रियों ने साधारण टिकट खरीदे।
प्रत्येक सोमवार को मुंबई के लिए चलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 22544 लालकुआं से चलकर प्रत्येक सोमवार सुबह 11.31 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वहीं 22543 बांद्रा टर्मिनल से प्रत्येक मंगलवार को चलेगी और बुधवार सुबह 9.08 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।