हापुड़। कोहरा कम होने पर भी ट्रेनों के संचालन में सुधार नहीं हो पा रहा है। सोमवार को संगम एक्सप्रेस दस घंटा तो सत्याग्रह पांच घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके साथ अन्य ट्रेनों के संचालन में भी सुधार न होने से यात्रियों को राहत नहीं मिल सकी।
कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन बिगड़ा हुआ है। लेकिन सोमवार को कोहरा कम होने पर यात्रियों को ट्रेनों का संचालन समय पर होने की उम्मीद थी, लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की उम्मीद पर पानी फेर दिया। प्रयागराज से मेरठ को जाने वाली ट्रेन सुबह के स्थान पर शाम के समय दस घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं बापूधाम मोतिहारी से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से पहुंची।
इसके अलावा सहरसा से अमृतसर जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस तीन घंटे, भुज से बरेली जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस एक घंटा, बरेली से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा, मेरठ से खुर्जा को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आधा घंटा, टनकपुर से पुरानी दिल्ली जाने वाली पूरनगिरी एक्सप्रेस आधा घंटे की देरी से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि कई स्थानों पर रेलवे लाइन पर हो रहे मरम्मत कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन पीछे से ही घंटों की देरी से हो रहा है, जिस कारण ट्रेनें गंतव्य को भी देरी से पहुंच रही हैं।