गढ़मुक्तेश्वर। बृहस्पतिवार की देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव बदरखा ओवरब्रिज और सर्विस रोड पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम लग गया। जाम में फंसकर राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एंबुलेंस तक भी जाम में फंस गई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम की स्थिति पर काबू पाया।
दो दिन से स्याना रोड रेलवे फाटक मरम्मत कार्य के लिए बंद किया हुआ है। जो 13 दिसंबर तक बंद रहेगा। इस कारण हाईवे से नगर और मेरठ की तरफ आने वाले और मेरठ से मुरादाबाद की तरफ जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्जन कर उन्हें पुरानी दिल्ली रोड आरओबी से होकर हाईवे पर भेजा जा रहा है। बृहस्पतिवार की शाम वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने और क्रय केंद्रों से गन्ने लेकर मिल की तरफ जा रहे ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से हाईवे पर गांव बदरखा के पास ओवरब्रिज पर जाम लग गया। गई। ओवरब्रिज के दोनों तरफ करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। इसके अलावा सर्विस रोड भी वाहन फंस गए। जाम में फंसने से एंबुलेंस में मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी हुई। वहीं अन्य राहगीरों को भी दो किलोमीटर का सफर तय करने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर करीब एक घंटे बाद जाम पर काबू पाया। पुलिसकर्मियों ने हापुड़ की तरफ से आ रहे वाहनों को अठसैनी से दौताई होते हुए मेरठ रोड की तरफ निकाला। वहीं, मेरठ से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को मीरा रेती से गांव अल्लाबख्शपुर के पास हाईवे की तरफ डायवर्ट किया।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि रेलवे की तरफ से पहले ही फाटक बंद रखने की सूचना दी गई थी। इस कारण यातायात डायवर्ट किया हुआ है। फाटक के निकट व मार्ग पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बनी। जिस पर काबू पा लिया गया।