संवाद न्यूज एजेंसी
पिलखुवा। गांव खेड़ा निवासी किसान रिंकू पुत्र चंदकिरन (32) की रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मौत हो गई। वह खेत पर जा रहे थे, तभी पुलिया टूटी होने के कारण ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर रजवाहे में पलट गई। रिंकू ट्रॉली के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने बताया कि रिंकू खेती-बाड़ी का कार्य करते थे और परिवार में सबसे बड़े सदस्य थे। खेती कर रिंकू अपना और परिवार का पेट पालते थे। रविवार सुबह वह खेत पर जाने के लिए ट्रैक्टर लेकर निकले थे। गांव के पास रजवाहे की पुलिया काफी समय से टूटी हुई है। पुलिया से गुजरने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रजवाहे में पलट गया। ग्रामीणों ने किसी तरह ट्रॉली हटाकर रिंकू को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
रिंकू अपने पीछे माता-पिता, दो भाई, दो बहनें, पत्नी रेनू और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा गगन 11 वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा प्रिंस 9 वर्ष का है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने टूटी पुलिया को लेकर प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, फिलहाल परिजन की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।