सिंभावली। सहकारी गन्ना विकास समिति में सोमवार को भाकियू टिकैत की मासिक पंचायत हुई। जिसमें नौ अगस्त को निकाले जाने वाली ट्रैक्टर तिरंगा मार्च को लेकर रणनीति बनाई गई। तिरंगा मार्च में सैकड़ों ट्रैक्टर शामिल करने की घोषणा की गई।
जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने बताया कि हाईकमान के निर्देश पर ट्रैक्टर तिरंगा मार्च का आयोजन किया जा रहा है। जिसे सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता गांवों में पहुंचकर किसानों से भी संपर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर मार्च में प्रत्येक किसान अनुशासन और सभ्यता के साथ प्रतिभाग करेंगे। वहीं मंडल मंत्री महिपाल सिंह ने कहा कि चीनी मिलों द्वारा गन्ना भुगतान न किए जाने, एमएसपी, निराश्रित पशुओं व अन्य समस्याओं से निजात नहीं मिल पा रही है। जिसके चलते किसान परेशान हैं। वहीं अर्जुन चौधरी ने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर भी हाईकमान के निर्देश पर जल्द ही आंदोलन होगा। इस मौके पर नीलम त्यागी, शोभा देवी, जगरोशनी देवी, राजबीरी देवी, कुंवर खुशनूद, पीके वर्मा, राजेश चौधरी, जितेंद्र चौधरी, मुनव्वर अली, श्याम सुंदर त्यागी, शेखर चौधरी, राजा खेड़ा, डॉ. मतलूब, नौशाद अली, हरबीर सिंह, हाजी नासिर, हरेंद्र चौधरी, फराहिम, अफजाल अहमद व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।